रियासी से अरनास माहौर की तरफ जा रही एक कार सोमवार की दोपहर को गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में उसमें सवार पिता और मासूम पुत्र की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार पेशे से अध्यापक गंदाली निवासी मो. अशरफ अपने परिवार के साथ कार (जेके20-7748) से माहौर की तरफ जा रहा था।
इसी बीच गुंडी नाला पनासा के पास दोपहर के समय कार असंतुलित होकर अचानक खाई में जा गिरी। इससे अशरफ और उसके एक वर्षीय बेटे अदनान की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पत्नी परवीण अख्तर के अलावा मो. फारूक (45) निवासी शजरू, साकिब, अमरीना कौसर (6), बजाहत (4) सभी निवासी जमसलान गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर एंबुलेंस की कोई सुविधा नहीं होने के कारण सभी घायलों को पुलिस की जिप्सी से निजी स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। वहां पर प्राथमिक उपचार देने के बाद उन्हें जिला अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस के मृतक पिता और पुत्र के शवों को उनके घर वालों के हवाले कर केस दर्ज कर लिया।