सेना के सामान को अवैध रूप से बेचने वाले पूर्व सैनिक को पांच दिन की रिमांड पर लिया गया है, जबकि दो अन्य से पुलिस अभी पूछताछ कर रही है। सांबा पुलिस ने बाड़ी ब्राह्मणा में पकड़े दो लोगों से मिले सैन्य सामान को लेकर सेना से अपनी रिपोर्ट सौंपने को कहा है।
सेना की ओर से भी इसे लेकर जांच की जा रही है। बुधवार को नरवाल पुलिस और बाड़ी ब्राह्मणा पुलिस ने तीन लोगों को सेना की बुलेट प्रूफ जैकेटों, पटकों और मैगजीन बेचते हुए पकड़ा था। नरवाल पुलिस चौकी के इंचार्ज नियात अली ने बताया कि आरोपी विजय कुमार को पांच दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
अभी तक पूछताछ में यही बात सामने आई है कि उसने सामान पठानकोट के एक कबाड़ी गौरव से खरीदा था। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। वही बाड़ी ब्राह्मणा के बडोरी में जय अंबे स्टोर में से पकड़े गए सतपाल और उसके बेटे जय भी पुलिस हिरासत में हैं और उनसे पूछताछ कर रही है।
सांबा एसपी का कहना है कि पकड़े गए लोग सेना से ही सामान खरीदते थे। सेना को बोला गया है कि वह इसे लेकर अपनी रिपोर्ट सौंपे।