अलग-अलग मामलों में शनिवार को बीएसएफ जवान समेत तीन लोगों की मौत हो गई। रतनूचक्क, 31 ब्रिगेड के एक बीएसएफ जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जबकि सिडको में वूल मिल के अंर एक व्यक्ति मृत हालत में मिला।
इसके अलावा एक युवती की जहर निगलने से मौत हो गई। ब्रिगेड के अन्य जवानों ने लोकिंद्र कुमार (34) निवासी अकोला, तहसील आगरा, उत्तर प्रदेश के शव को जीएमसी लाया और पोस्टमार्टम करवाया। हालांकि साथ आए जवानों ने एमएलसी नहीं बनवाई है।
जानकारी के मुताबिक लोकिंद्र कुमार पिछले कुछ साल से रतनूचक्क में तैनात था। रोजाना की तरह वह शुक्रवार को अपने कमरे में सो गया था। सुबह जब अन्य साथियों ने उसे जगाने का प्रयास किया तो लोकिंद्र अचेत अवस्था में था।
साथियों ने इसकी जानकारी अधिकारियों को दी। उन्होंने देखा तो पाया कि लोकिंद्र की सांस नहीं चल रही है। तब साथियों ने लोकिंद्र के शव का जीएमसी में पोस्टमार्टम करवाया और परिवार के लोगों को सूचित कर दिया। फिलहाल इस मामले में पुलिस कोई जांच-पड़ताल नहीं कर रही है।
बाड़ी ब्राह्मणा स्थित वूल मिल सिडको के अंदर शनिवार को एक व्यक्ति मृत हालत में मिला है। व्यक्ति की कोई पहचान नहीं हो सकी है। अन्य लोगों ने व्यक्ति को देखा तो इसकी जानकारी पुलिस को दी।
व्यक्ति की अभी तक कोई पहचान नहीं हो सकी है, लेकिन शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसी के शवगृह में रखवा दिया गया है। इसके साथ ही शव को पहचान के लिए 72 घंटे तक रखा जाएगा। पुलिस ने जांच-पड़ताल की तो व्यक्ति के पास से उसकी पहचान संबंधी कोई दस्तावेज आदि नहीं मिला है।