दक्षिणी कश्मीर के अनंतनाग जिले के अवंतीपोरा में चौथी कक्षा के एक छात्र की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, 10 वर्ष के इस छात्र की मौत सिर पर चोट लगने से हुई है। उसके सिर पर एक भारी पत्थर मारकर हत्या किए जाने की आशंका पुलिस ने जताई है।
अनंतनाग के मट्टन थाना प्रभारी ने मृतक छात्र की पहचान अब्दुल रौफ नायक के तौर पर की है, जो नागाम कुक्करनाग का रहने वाला था।
प्रभारी ने बताया कि रौफ अपने परिवार के साथ अवंतीपोरा अपनी बीमार चाची की खबर लेने बुधवार को आया था। वह मोहल्ले के बच्चों के साथ मैदान में खेलने गया था।
जब वह घर देर तक नहीं लौटा तो परिवार वालों ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर उसे ढूंढना शुरू किया। इस दौरान उन्हें उसकी लाश इलाके की एक नर्सरी में मिली। पुलिस ने धारा 302 के अंतर्गत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।