बस स्टैंड पुलिस के पास एक किन्नर का अपहरण करके उसके साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस संबंध में किन्नर की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ धारा 366/323 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है।
आरोपियों में बस के चालक और कंडक्टर भी शामिल है। बताया जा रहा है कि किन्नर के शोर मचाने के बाद लोगों ने उसे बिक्रम चौक में अपहरणकर्ताओं के कब्जे से छुड़ा लिया।
पुलिस के मुताबिक उधमपुर के रहने वाले किन्नर अमिका कोतवाल ने उन्हें शिकायत में बताया कि बस स्टैंड से उसे चालक और कंडक्टर सहित चार लोगों ने जबरन बस में बैठा लिया और उसे सतवारी की ओर ले जाने लगे। तभी बिक्रम चौक के नजदीक पहुंचने उसने शोर मचाया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर की आवाज सुनते ही आसपास लोग इक्ट्ठा हो गए।
लोगों को बस की तरफ आते देख अपहरणकर्ता किन्नर को अमर सिंह क्लब के पास छोड़कर मौके से बस लेकर फरार हो गए। किन्नर ने इस सारी घटना की जानकारी बस स्टैंड पुलिस को दी, तो पुलिस ने चार अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण और मारपीट का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल अभी तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।