लोक निर्माण विभाग के उपमंडल स्वारघाट के तहत शनिवार को भारी बारिश के कारण पंजपीरी-ज्योरिपतन संपर्क मार्ग बाधित हो गया। कुटैहला के जरलू स्थान पर पहाड़ी से चट्टानें और मलबा गिरने से मार्ग अवरुद्ध हो गया है। इससे कई निजी बसों और वाहनों सहित निगम की बसें कुटैहला में ही फंस गई हैं। यातायात अवरुद्ध रहने से कुटैहला और टाली-जकातखाना पंचायत के लोगों, कर्मचारियों और स्कूली बच्चों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के मुताबिक शनिवार सुबह करीब 10 बजे क्षेत्र में भारी बारिश के चलते कुटैहला स्थान पर सड़क पर पहाड़ी से ल्हासा गिरने लगा। इससे मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए पूरी तरह से अवरुद्ध हो गया। बता दें कि झंडूता विस की अधिकतर जनता का आवागमन भी इसी संपर्क मार्ग से होता है।
कुटैहला के जरलू स्थान पर मार्ग अवरुद्ध होने के कारण पंजपीरी-बवखाल संपर्क सड़क भी बंद रही। यह सड़क भी पंजपीरी-ज्योरिपतन सड़क से जुड़ी हुई है। विभाग को सूचना मिलते ही सहायक अभियंता स्वारघाट ने ल्हासे और चट्टानों को हटाने के लिए जेसीबी भेज दी।
बारिश के थमते ही जेसीबी के माध्यम से मार्ग को बहाल करने का कार्य शुरू कर दिया गया है। कुछ समय के लिए सड़क को वाहनों के लिए खोल दिया गया था। मगर चट्टानें बड़ी होने के चलते मार्ग को पूरी तरह से बहाल करने में काफी समय लगेगा।
पंजपीरी-ज्योरिपतन सड़क मार्ग कुटैहला स्थान पर पत्थर और चट्टानें गिरने से अवरुद्ध है। मार्ग को बहाल करने के लिए विभाग की जेसीबी को मौके पर भेजा गया है। जल्द ही सड़क मार्ग को छोटे-बड़े सभी वाहनों के लिए बहाल कर दिया जाएगा।
अच्छर सिंह चौहान, सहायक अभियंता लोनिवि स्वारघाट