जानीपुर इलाके में जेडीए द्वारा दी गई जमीन को लेकर जमकर विवाद हुआ। बहस से शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया और झपटमारी पर जाकर खत्म हुआ। पीड़ित ने जानीपुर पुलिस स्टेशन में इसे लेकर शिकायत की। इसके बाद पुलिस ने केस दर्ज करते हुए एक आरोपी को पकड़ लिया है। मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक क्षेत्र के रहने वाले कुलदीप राज ने जेडीए से जमीन खरीदी हुई है। जो उन्होंने एक सैन्य अधिकारी को बेची। रविवार को जब कुलदीप राज सैन्य अधिकारी के साथ जमीन में पहुंचे तो यहीं के रहने वाले सतपाल और तिलक राज अपने कई साथियों के साथ जमीन पर पहुंच गए।
इन लोगों ने जमीन पर अपना कब्जा बताया। दोनों गुटों की आपस में बहस हो गई। इसमें सतपाल और तिलक ने अपने साथियों के साथ मिलकर कुलदीप राज को जमकर लाठियों से पीटा। इसके बाद उसकी सोने की चेन भी छीन ले गए।
एसएचओ जानीपुर विरेंद्र गुप्ता का कहना है कि पुलिस ने 447, 147, 382, 323 के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सतपाल को पुलिस ने गिरफ्तार किया हुआ है। वहीं जानीपुर के रहने वाले ही सुमित पर उसके दोस्त ने शनिवार की रात को बोतलों से हमला कर उसे घायल कर दिया। इससे उसके सिर और गले पर गहरी चोटें आईं हैं। घायल को जीएमसी में भर्ती कराया गया। हालांकि बाद में दोनों का पुलिस स्टेशन में समझौता हो गया।