सेना में कार्यरत पोर्टर पर जानलेवा हमला किया गया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में पोर्टर को नौशेरा उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसे प्राथमिक उपचार के बाद जीएमसी में रेफर कर दिया गया। जानकारी के मुताबिक तहसील नौशेरा की पंचायत मानपुर के निवासी पप्पू कुमार (45)पुत्र बाबू राम जो कि सेना की रुबलीधारा बटालियन में पोर्टर के पद पर कार्यरत है।
पोर्टर पप्पू कुमार रविवार सुबह अपनी ड्यूटी पर जा रहा था कि घर से लगभग पांच किलोमीटर दूर मखून गुडा वन क्षेत्र में डनका निवासी अनिल कुमार द्वारा पप्पू कुमार पर जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर फेंक दिया गया। वहीं, राहगीरों ने पप्पू को घायल अवस्था में देख शोर मचाया और उसे तुरंत उपजिला अस्पताल नौशेरा में पहुंचाया गया जहां उसे प्राथमिक उपचार के बाद जीएमसी रेफर कर दिया गया।
पोर्टर पप्पू कुमार के घरवालों ने नौशेरा पुलिस थाने में अनिल कुमार के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। वहीं, परिवार वालों ने आरोपी पर जल्द कार्रवाई की मांग की है। गौरतलब है कि अनिल कुमार पहले सेना में पोर्टर का काम कर चुका है।