रामगंगा में नहाते वक्त शनिवार को बहे युवक का शव जैनल से 10 किलोमीटर दूर दुगोलीबाग में नदी किनारे से बरामद हो गया है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रानीखेत भेज दिया है। इधर, युवक के परिजन घटना की जानकारी मिलने के बाद यहां पहुंच गए हैं।
बता दें कि दिल्ली के चार युवक स्विफ्ट कार (डीएल-1सीक्यू-1746) से पहाड़ा घूमने आए थे। गत शनिवार को चारों युवक जैनल पुल के नीचे पहुंचे।
इस दौरान नहाते वक्त धर्मपाल सिंह बिष्ट पुत्र किशन सिंह निवासी लोदी रोड दिल्ली नदी में नहाने उतर गया। नहाते वक्त नदी के तेज बहाव में वह बह गया।
उसके साथियों का शोर सुनकर स्थानीय ग्रामीण, पुलिस और राजस्व पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू की, उसका कहीं पता नहीं चला।
रविवार को सुबह करीब 11 बजे युवक का शव घटनास्थल से 10 किलोमीटर दूर दुगोलीबाग में नदी किनारे पड़ा मिला। शव को पोस्टमार्टम के लिए रानीखेत भेज दिया है।
सूचना पर शव लेने युवक के परिजन यहां पहुंच गए हैं। तहसीलदार राधे राम आर्या ने बताया कि युवक के परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। हिरासत में लिए गए उसके तीनों साथियों अमित कुमार, जय सिंह और अजय सिंह को छोड़ दिया गया है।