जम्मू के जगती नगरोटा के पास सड़क हादसे में सेना के एक कैप्टन की मौत हो गई, जबकि एक अन्य सैन्य अफसर बुरी तरह घायल हो गया।
घायल अफसर को देर रात जीएमसी जम्मू में भर्ती करवाया गया, जहां से उसे सेना अस्पताल ले रेफर किया जा रहा है।
जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर जा रहे थे
जानकारी के अनुसार पठानकोट स्थित जैक राइफल्स में तैनात 27 वर्षीय कैप्टन चंद्र देव (निवासी राजस्थान) और सतवारी स्थित सेना के 326 एडी में तैनात 27 वर्षीय लेफ्टिनेंट अक्षय (मूल निवासी लखनऊ) बाइक पर जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर जा रहे थे।
नगरोटा जगती के पास अचानक उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क के बीच डिवाइडर पर जा चढ़ी। दोनों सैन्य अफसर गिरने के बाद गंभीर रूप से घायल हो गए।
चंद्र देव को मृत घोषित कर दिया
दोनों को तत्काल जम्मू मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। जहां डाक्टरों ने जांच के बाद चंद्र देव को मृत घोषित कर दिया, जबकि अक्षय की हालत गंभीर बताई गई।
दुर्घटना की जानकारी मिलने के बाद सेना के कुछ जवान भी जीएमसी पहुंचे। उन्होंने कैप्टन चंद्र देव के शव को बिना पोस्टमार्टम ले जाना चाहा।
सैनिकों का कहना था कि वे पोस्टमार्टम सैन्य अस्पताल में करवाएंगे। बाद में पुलिस अधिकारियों द्वारा उन्हें समझाने के बाद वे शव जीएमसी मार्चरी में छोड़ने के लिए तैयार हुए।