पशु तस्करों को पकड़ने गई पुलिस पर तस्करों ने हमला बोल दिया। तस्करों को कुछ स्थानीय युवकों ने भी समर्थन दिया। इसकी वजह से वे मौके से फरार हो गए। पुलिस ने तस्करों के चंगुल से मवेशियों को छुड़ा लिया है। साथ ही आठ अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। अभी तक कोई पकड़ा नहीं गया है।
घटना बाग-ए-बाहु पुलिस स्टेशन अंतर्गत रगूड़ा इलाके की है। वीरवार को देर शाम को यह घटना हुई। पिछले साल ऐसे ही राजोरी में भी तस्करों ने पुलिस पर हमला बोला था। बताया जाता है कि पुलिस टीम को तस्करी के बारे जानकारी मिली। बाग-ए-बाहु नाके से एक टाटा मोबाइल को रोका गया तो वह चालक रुका नहीं। इसमें पशु सवार किए गए थे।
पुलिस ने गाड़ी का पीछा किया और जैसे ही चालक रगूड़ा के पास पहुंचा तो वहां पर रुक गया। अचानक से नीचे उतर कर उन्होंने पुलिस की फ्लाइंग पर पथराव शुरू कर दिया। तस्करों को कुछ स्थानीय युवकों का भी समर्थन मिला और एक दर्जन के करीब लोगों ने पुलिस टीम पर पत्थर मारने शुरू कर दिए।
मौके पर पहुंचे एसएसओ बाग ए बाहु विजय चौधरी ने स्थिति को नियंत्रित किया और पशुओं को टाटा मोबाइल सहित जब्त किया। जब तक युवकों तक पहुंचने की कोशिश की जाती, वह भाग निकले। पुलिस ने तस्करों और स्थानीय युवकों पर पुलिस पर पथराव करने का मामला दर्ज कर लिया है। आठ अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस ने जांच करना शुरू कर दिया है। देर रात को इलाके में छापे मार कर आरोपियों की धरपकड़ जारी थी।