पिछले दस दिन से लापता लद्दाखी छात्र स्टैंजन कुंजा का रविवार सुबह भगवती नगर चौथे पुल के नीचे पानी में तैरता हुआ मिला। सीआरपीएफ के एक जवान को शव तैरता हुआ दिखा तो सूचना पुलिस तक पहुंची। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और मेडिकल कालेज अस्पताल पहुंचाया।
यहां पर कई लद्दाखी छात्र भी इकट्ठे हो गए। पूर्व मंत्री रिंगजिन जोरा और कमर अली आखून भी मौके पर पहुंचे। मंत्रियों के हस्तक्षेप से चार विशेषज्ञ डाक्टरों का बोर्ड बनाया गया। बोर्ड ने कुंजा का पोस्टमार्टम किया। मृतक छात्र कारगिल के जंस्कार का रहने वाला था, जो इस समय भगवती नगर में अपने भाई और बहन के साथ रह रहा था।
15 जनवरी की शाम से वह लापता था। इसे लेकर दस दिन से लद्दाखी समुदाय की ओर प्रदर्शन किया जा रहा था। लापता छात्र की तलाश के लिए पुलिस दस दिन से हाथ पैर ही मारती रही, लेकिन कोई सुराग नहीं लग पाया। रविवार को उसका शव बरामद किया गया। केनाल रोड चौकी प्रभारी, संदीप चाढ़क ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। इसे लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
17 वर्षीय स्टैंजन कुंजा 11वीं कक्षा का छात्र था। शहर के हरी सिंह हायर सेकेंडरी स्कूल में पढ़ता था। पूर्व मंत्री कमर अली आखून ने बताया कि मृतक छात्र का शव उसके पैतृक गांव आज सुबह कारगिल जाने वाली फ्लाइट से उसका शव भेजा जाएगा।