विजयपुर। पुलिस ने सोमवार को विजयपुर में अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। इसका नेतृत्व थाना प्रभारी राकेश बंवा ने किया। पुलिस टीम ने इस दौरान गलत तरीके से खड़ी कुछ मोटरसाइकिल, स्कूटर और रेहड़ी फड़ी को जब्त किया और कुछ लोगों को चेतावनी देकर छोड़ दिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि विजयपुर में सड़क पर हो रहे अतिक्रमण के बारे में काफी समय से लोगों की तरफ से शिकायतें मिल रही थीं। दुकानदारों के फुटपाथ पर सामान रखने व रेहड़ी पटरी खड़ी होने के चलते पैदल चलने वालों को कई प्रकार की दिक्कतें उठानी पड़ रही थीं। उनके साथ ही हादसे भी हो रहे थे। उसी के चलते सोमवार को पुलिस टीम ने रामगढ़ रोड, विजयपुर बाजार आदि स्थानों पर दौरा किया और दुकानदारों को बताया कि आप लोग फुटपाथ खाली रखें। अपने वाहन पार्किंग में खड़े करें और रेहड़ी फड़ी बीडीओ ब्लॉक मैदान में लगाएं। क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने इस अभियान का स्वागत किया है।