तिलहर (शाहजहांपुर)। चीनी मिल में सेमीकेशन पाइपलाइन फट जाने के बाद क्लंप लगाकर पाइप लाइन की मरम्मत के दौरान अचानक पाइप लाइन का वाल खोल देने से मरम्मत के स्थान से अचानक स्टीम जूस निकलने के कारण मरम्मत कर रहे फिटर के दोनों पैर बुरी तरह झुलस गए। घटना से मिल में हड़कंप मच गया। तत्काल फिटर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सोमवार को दोपहर करीब 1:30 बजे चीनी मिल के यार्ड में पहली मंजिल पर लगी मशीनों पर मिल का फिटर रुकमंगल काम कर रहा था। इसी दौरान सेमीकेशन पाइप लाइन अचानक फट गई। तत्काल पाइपलाइन को बंद कर दिया गया। अस्पताल पहुंचे घायल फिटर रुकमंगल ने बताया कि मिल के इंजीनियर भरतवीर ने पाइपलाइन में क्लंप लगा कर उसे ठीक करने के निर्देश दिए। बताया कि जब वह वेंडर महेश और हेल्पर रामसनेही के साथ पाइप लाइन को ठीक कर रहा था, इसी दौरान किसी कर्मचारी ने पाइप लाइन का वाल अचानक खोल दिया। वाल खुलते ही क्षतिग्रस्त पाइपलाइन से स्टीम जूस तेजी से निकल पड़ा। जिससे उसके दोनों पैर झुलस गए।
पीड़ित रुक मंगल ने बताया कि वह पैंट पहने था उसके बावजूद भी दोनों पैर जल गए घटना के तत्काल बाद मौजूद कुछ लोगों ने उसे ठंडे पानी के टैंक में खड़ा कर दिया। बाद में अस्पताल ले जाने को लेकर गाड़ी मंगाई गई, लेकिन मिल में कोई गाड़ी मौजूद न होने के कारण उसे मिल के मैकेनिक उदल पाल अपनी बाइक से अस्पताल लाए हैं। पीड़ित के साथ मिल का कोई भी अधिकारी अस्पताल नहीं पहुंचा। उदल पाल ने ही अस्पताल में भर्ती कराकर उसका इलाज शुरू कराया। पीड़ित रुक मंगल ने बताया कि वह दोषी कर्मचारी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करेगा।
उधर, चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक अतुल खन्ना ने घटना के तीन घंटे बाद पूछने पर बताया कि उन्हें घटना की कोई जानकारी नहीं दी गई है। वह आज आउट ऑफ स्टेशन है। अमर उजाला से उन्हें जानकारी मिली है। वह तत्काल कर्मचारी के बेहतर इलाज के लिए संबंधित अधिकारियों से कह रहे हैं और जो भी दोषी कर्मचारी है उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।