अखनूर के चौकी चौरा इलाके में कार के दुर्घटनाग्रस्त होने से मां और बेटे की मौत हो गई। हादसे में मृतक महिला का पति और दो बेटियां घायल हुए हैं। घायलों को मेडिकल कालेज अस्पताल भर्ती कराया गया है। बच्चियों को खरोचें ही आई हैं और पति को मामूली चोटें आई हैं। मृतक नौशेरा के सेरी गांव के रहने वाले थे।
जानकारी के अनुसार सेरी के रहने वाले सुनील शर्मा अपनी पत्नी परवीन शर्मा, चार साल के बेटे कार्तिक और दो और तीन साल की दो बेटियों के साथ कार से जम्मू से नौशेरा की ओर जा रहे थे तभी चौकी चोरा के पास कार पलट गई। हादसे में कार्तिक की मौके पर ही मौत हो गई।
परवीन की अस्पताल लाते वक्त मौत हो गई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मेडिकल कालेज में मंगलवार को शवों का पोस्टमार्टम किया जाएगा। अखनूर के डीएसपी नरेश सिंह ने बताया कि हादसा होने के बाद दो लोगों की मौत हो गई है।