हीरानगर। जम्मू-कश्मीर के विधानसभा स्पीकर डॉ. निर्मल सिंह के काफिले में शामिल दो वाहनों के टकराने से एक व्यक्ति घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार जम्मू-पठानकोट नेशनल हाईवे पर दियालाचक मुख्य अड्डे पर विधानसभा स्पीकर के वाहनों का काफिला पहुंचा ही था कि अचानक एक मवेशी के सामने आ जाने से दो वाहन भिड़ गए। काफिले में शामिल एक वाहन ने अचानक ब्रेक लगा दी, जिसके बाद पीछे आ रही जिप्सी भिड़ गई। हादसे में जिप्सी चालक दिलीप सिंह निवासी बिलावर बुरी तरह से घायल हुआ। पुलिस ने घायल को उपजिला अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया। विधानसभा स्पीकर का काफिला कठुआ से जम्मू की ओर जा रहा था। कुछ देर रुकने के बाद काफिला जम्मू रवाना हो गया।
उधर, सोमवार देर रात हीरानगर के चड़वाल मोड़ में हुए सड़क हादसे में एक बाइक सवार बुरी तरह से घायल हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार चड़वाल चौक पर तेज गति से आ रही एक वैगनआर कार ने बाइक को टक्कर मार दी। अंतिम समाचार मिलने तक घायल की पहचान नहीं हो सकी थी। हीरानगर के उपजिला अस्पताल में उपचार के बाद घायल को जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया। ब्यूरो