अखनूर/बिश्नाह। अखूनर के गांव कैक जगीर में शनिवार को तीन पोल्ट्री फार्म में आग लग गई। इस हादसे में साढ़े सात हजार मुर्गियां झुलस कर मर गईं। इस दौरान 200 बोरी फीड भी जलकर राख हो गई। वहीं बिश्नाह के गांव काला पुल में आग लगने से रिहायशी गुल्ले जल गए।
मिली जानकारी के अनुसार गांव कैक जगीर सौहाल में दोपहर को मेला सिंह और रंजीत सिंह के तीन पोल्ट्री फार्म को आग लग गई। आग पहले एक पोल्ट्री फार्म में लगी, देखते ही देखते तेजी से आग दो अन्य फार्म तक पहुंच गई। जब तक कि फार्म के मालिक और स्थानीय लोग कुछ समझ पाते तीनों पोल्ट्री फार्म आग की लपटों से घिर चुके थे। घटना की सूचना दमकल विभाग को दी गई। जब तक फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाते तब तक भारी नुकसान हो चुका था। आग से तीनों पोल्ट्री फार्म के कुल 7500 मुर्गियां झुलस कर मर गईं। आग कैसे लगी इसका कुछ पता नहीं चला सका है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दूसरी ओर बिश्नाह थाना अंतर्गत पड़ने वाले गांव काला पुल (वरमाल) में रहने वाले गुर्जरों के कुल्लों में आग लग गई। किसी तरह उसमें रहने वाले परिवार के सदस्यों ने अपनी जान बचाई। लेकिन उसके अंदर रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। अगर फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने समय पर नहीं पहुंचती तो आग और नुकसान कर सकती थी। कुल्ले के मालिक लियाकत अली ने प्रशासन से आर्थिक मदद की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।