पुंछ। सोमवार की देर शाम जिले के करमाड़ा क्षेत्र में नियंत्रण रेखा पर बारूदी सुरंग में विस्फोट से उसकी चपेट में आकर एक बुजर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। उनको राजा सुखदेव सिंह जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल बुजुर्ग की पहचान 60 वर्षीय अब्दुल गनी पुत्र मोहम्मद सिकंदर निवासी करमाड़ा के रूप में हुई है। जिला अस्पताल के चिकित्सकों के कड़े प्रयास के बाद बुजुर्ग की हालत में कुछ सुधार हुआ, इससे उसे जीएमसी जम्मू रेफर नहीं करना पड़ा।
बारूदी सुरंग में विस्फोट की जानकारी मिलने पर तहसीलदार हवेली जहांगीर अहमद अस्पताल पहुंचे। अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त बिशारत हुसैन भी वहां पहुंचे और पीड़ित को तत्काल सहायता के तौर पर रेडक्रास फंड से 5000 रुप की सहायता राशि प्रदान की। इस घटना के बारे में अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त ने बताया कि देर शाम करीब चार बजे बुजुर्ग अब्दुल गनी जो कि नियंत्रण रेखा के पास फेंसिंग के आगे बसे गांव करमाड़ा में रहते हैं, अपने पशु चरा रहे थे कि अचानक कुछ बकरियां काफी आगे निकल गई तो वह उनको मोड़ने गए तो उनका पांव अचानक गलती से किसी माइन पर आ जाने से वह फट गया। इससे उनका बांया पांव गंभीर रूप से घायल हो गए है। शुरू में उनकी हालत गंभीर देखते हुए हमने इन्हें जम्मू रेफर करने के लिए हेलीकाप्टर के लिए डिवकाम से संपर्क भी किया, लेकिन डाक्टरों ने यहीं उनका सफल आपरेशन कर लिया है।