दोमाना। भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा पर गजनसू के साथ पड़ते गांव किरपालपुर में पुलिस कर्मी के घर चोरों ने सेंघ लगा कर लाखों की नगदी और सोने के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। इस मामले में पुलिस कर्मी के घर वालों ने कानाचक्क थाने में केस दर्ज करवाया।
मिली जानकारी के अनुसार आईआरपी में तैनात हवलदार बुआ दित्ता ड्यूटी पर था। जबकि पत्नी बंसो देवी अपने पुत्र बधु का हाल जानने शहर के अस्पताल में गई हुई थी। दोपहर बाद जब बह घर लौटी तो उसने घर का दरवाजा खुला हुआ पाया और अंदर जाकर देखा घर तो सारा सामान बिखरा हुआ था। चोरों ने बेड से अलमारी तक को खंगाल दिया था। उसने पाया कि चोर घर में रखे दो लाख रुपये नकद के अलावा सोने के दो कड़े, अंगूठी, मंगलसूत्र, टॉप्स आदि ले गये थे। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मौके का जायजा लेकर सबूतों को इकट्ठे करने के बाद मामला दर्ज कर लिया है। क्षेत्र के निवासियों का कहना है कि सीमा से सटे गांव में चोरों ने ऐसी हिमाकत कैसे कर दी। ब्यूरो