रियासी। जिले के कंथान क्षेत्र में रविवार देर रात को एक वैन के गहरी खाई में पलट जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और चार गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जाता है कि वैन (जेके02एबी-9761) में कुछ लोग सवार हो कर शादी समारोह में हिस्सा लेने जा रहे थेे। कंथान के पास पहुंचने पर वैन चालक से अनियंत्रित होकर गहरी खाई की तरफ लुढ़क गई।
हादसे का पता चलते ही मौके से गुजर रहे अन्य वाहनों को रोक कर बचाव कार्य को शुरू किया गया। दुर्घटना में वैन में सवार कुल पांच लोग घायल हो गए। सभी को अन्य वाहन में उठाकर पीएचसी अरनास में ले जाया गया। वहां डाक्टरों ने देस राज निवासी हिमना सलाल को मृत घोषित कर दिया। अन्य चार घायलों में सलाल के रमेश, तारामणि व देवेंदर और अखनूर निवासी विक्की शामिल हैं। इनमें से दो को प्राथमिक उपचार देने के बाद जम्मू रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।