श्रीनगर। सफाकदल पुलिस ने महिलाओं से गहने और दुकानों से मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने सफाकदल और महाराज गंज पुलिस थाने में दर्ज अलग-अलग वारदातों को हल करने का दावा किया।
एसडीपीओ एसएम शफी के अनुसार 27 मार्च 2018 को आग-ए-नंद सिंह छत्ताबल से महिला बाजार से कुछ सामान लेकर घर जा रही थी। जैसे ही वह पोल्ट्री फार्म तक पहुंची। तो दो अज्ञात लोगों ने उसे रोक लिया और उसे गले से सोने के गहने छीने। बच्चों के कपड़े और पांच हजार रुपये नकदी भी छीन ली। महिला ने काफी शोर मचाया। कुछ लोगों ने लुटेरों को पकड़ा और उन्हें स्थानीय पुलिस चौकी के हवाले कर दिया। इनकी पहचान अल्ताफ अहमद शेख और शाहरूख अहमद निवासी देवान बाग बारामुला के तौर पर हुई है। उनसे सोने की बालियां और, एक चांदी की अंगूठी, बच्चों के कपड़े बरामद हुए हैं। इनसे पूछताछ के बाद सात चूड़ियां, सोने की सात रिंग भी बरामद हुई। इसके मालिक फिरदौस अहमद गनई निवासी बारामुला को उनका सामान सौंप दिया गया।
उधर सफाकदल में दर्ज पुलिस एफआईआर के तहत शब्बीर अहमद निवासी रामपोरा छत्ताबल और इरशाद अहमद निवासी वनमार्ग टनमर्ग से भी चार मोबाइल बरामद किए गए हैं। चारों से पूछताछ जारी है और पुलिस का दावा है कि चोरी के अन्य केस भी हल कर लिए जाएंगे।