विजयपुर। क्षेत्र में गत दिनों 11 वर्षीय बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म के बाद मामले को पुलिस ने रफा-दफाकर दिया, लेेकिन अपराध शाखा ने उस मामले में हस्तक्षेप कर जांच के लिए सिट का गठन किया है। यह पूरे मामले की जांच करेगी। जिन पुलिस अधिकारियों ने मामले को रफा-दफा किया है उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
गौरतलब है कि 11 वर्षीय बच्ची से हुए दुष्कर्म के बाद अपराध शाखा ने विजयपुर थाने में तैनात पुलिस अधिकारियों की लापरवाही के बाद डीएसपी को स्थानांतरित कर दिया गया। एसएचओ को निलंबित कर दिया गया। उनके साथ कुछ अन्य अधिकारियों को भी निलंबित किया गया। बताया जा रहा है कि जब दुष्कर्म का मामला विजयपुर थाने में पहुंचा तो पुलिस अधिकारियों ने मामले को दबाने की कोशिश की। उसके बाद मामला अपराध शाखा में पहुंच गया। अपराध शाखा के अधिकारियों ने पूरी जांच की, तो उसमें कुछ लोग दोषी पाए गए। इसके चलते डीएसपी को स्थानांतरित किया और थाना प्रभारी को निलंबित कर उनके साथ इस मामले में जिन अधिकारियों की मिलीभगत थी, उनको भी निलंबित कर दिया गया।
नवनियुक्त थाना प्रभारी राजीव भगत ने बताया कि इस मामले को अपराध शाखा देख रही है। पूरी जांच की जा रही है। जो भी दोषी पाए जाएंगे उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।