अमरनाथ यात्रा पर न आने की धमकी, पोस्टर चिपकाए
आतंकी संगठन तहरीक उल मुजाहिदीन के नाम पर है पोस्टर
पुलिस ने बताया अफवाह, जांच जारी
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। शहर के त्रिकुटा नगर तथा जीआरपी पुलिस स्टेशन के बाहर आतंकी संगठन तहरीक उल मुजाहिदीन का कथित धमकी भरा पोस्टर चस्पा मिला। पोस्टर खंभे पर चिपकाए गए थे। इसमें अमरनाथ यात्रा पर न आने की लोगों को चेतावनी दी गई है। हालांकि, पुलिस इसे मात्र अफवाह बता रही है। पुलिस का कहना है कि केवल सोशल मीडिया पर इस प्रकार के पोस्टर प्रसारित किए गए। मौके पर जांच के दौरान कुछ भी नहीं मिला। पूरे मामले की छानबीन की जा रही है।
धमकी भरे पोस्टर मिलने की बात सामने पर सुरक्षा बढ़ा दी गई। वाहनों की चेकिंग तेज कर दी गई। जीआरपी के एसएचओ राहुल देव ने बताया कि कोई पोस्टर नहीं मिला है। यह मात्र अफवाह है। त्रिकुटा नगर पुलिस थाने के एसएचओ दीपक कुमार ने का भी कहना है कि मौके पर पुलिस गई थी। जांच के दौरान कोई पोस्टर नहीं मिला है। सोशल मीडिया में शरारती तत्वों ने अफवाह फैलाई है। जांच चल रही है।