जम्मू। दोमाना और नगरोटा पुलिस ने चोरी के दो मामलों में महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चोरी का सामान भी बरामद किया गया। दोमाना के निवासी खेमराज ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उसके बरनाईं स्थित नकुल पैलेस में चोरी हुई है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसकी मदद से दो संदिग्ध लोगों की पहचान की गई। इनमें दलजीत कुमार निवासी जालंधर और हरदीप सिंह निवासी लुधियाना शामिल हैं। इनकी गिरफ्तारी के बाद सख्ती से पूछताछ करने पर इनके पास से पंखे की चार मोटर, तीन कंबल, कार के टायर, ट्रैक्टर का स्पेयर पार्ट आदि बरामद किए गए।
उधर, नगरोटा पुलिस ने तीन दुकानों में हुई चोरी का सामान भी बरामद करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें मोहम्मद मुनीर निवासी उधमपुर को पकड़ा, जिसने बताया कि दुकानों से चोरी किया गया सामान रेशमघर कॉलोनी में रहने वाली सुदेश कुमारी को बेचा है। पुलिस ने आरोपी सुदेश कुमारी के घर दबिश देकर वहां से 15 हजार रुपये का सामान बरामद किया है।