घगवाल। कुछ वर्ष यातायात विभाग के आईजी के तौर पर कार्यरत बसंत रथ के कार्यकाल के दौरान ऐसा समय भी आया कि युवा खुद ब खुद तेज आवाज वाले हार्न व साईलेंसर उतारकर नियमों का पालन करने लगे थे। उनके जाने के बाद बुलेट व अन्य मोटरसाइकिलों के तेज रफ्तार व पटाखों की आवाज वाले सायलेंसर लेकर जिले के हर क्षेत्र में घूमने वाले युवाओं की तादात फिर बढ़ गई है। ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
यह तेज आवाज वाले सायलेंसर व तेज रफ्तार एक बार फिर लोगों के लिए परेशानी का सबब बन रही है। जो भीड़भाड़ वाले बाजारों में पैदल चल रहे लोगों की जान के लिए खतरा बन रहे हैं। स्थानीय निवासी निखिल, तरसेम, श्याम सिंह, राहुल कुमार, अनु देवी, पूनम देवी आदि ने कहा कि तेज रफ्तार के साथ सायलेंसर से आवाज निकालकर बाइक चलाने वाले युवाओं ने लोगों की नाक में दम कर रखा है। इसको लेकर न तो पुलिस और न ही यातायात विभाग या एमवीडी विभाग कोई कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने अधिकारियों से जुर्माने के साथ दंड देकर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। इस संबंध में यातायात विभाग के वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि जल्द अभियान चलाकर नियमों की अवहेलना करने वाले युवाओं के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।