सांबा। लॉकडाउन के चलते घर वापसी के लिए देश भर में मजदूर अपने मूल घरों में पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं। कोई पैदल निकल रहा है, कोई अपने धन पर वाहन से तो कई अन्य वाहनों से लिफ्ट लेकर घरों में पहुंचने के लिए निकल रहे हैं। ऐसे में कई मजदूरों की रास्ते में ही मौतें हो रही हैं। ऐसे ही जिला के सुंब ब्लॉक के मटकोली निवासी श्रमिक ओंकार शर्मा की मार्ग हादसे में मौत हो गई है। कोरोना महामारी के डर से बह ट्रक से घर लौट रहा था। ट्रक राजस्थान में हादसे का शिकार हो गया। मजदूर का शव सोमवार को शव गांव पहुंचा।
जानकारी के अनुसार मटकोली निवासी ओंकार शर्मा पांच माह पूर्व मुंबई में मजदूरी करने के लिए गया था। लॉकडाउन होने के बाद वह वहां फंस गया। महाराष्ट्र से वह घर के लिए आने के प्रयास करने लगा, लेकिन कोई साधन नहीं मिला, इसी बीच वह मुंबई से एक ट्रक से घर वापसी के लिए निकला परिजनों के अनुसार उनकी फोन पर बात हुई थी। उस समय वह भापी में रुके थे। शनिवार सुबह मृतक ने अपनी बहन को फोन पर कहा था कि उसका एक्सीडेंट हो गया है। कुछ देर बाद में एक और फोन आया कि उसकी मौत हो गई है। इस पर ग्रामीणों ने गांव से धन एकत्रित कर राजस्थान से आई एंबुलेंस के चालक को 45 हजार रुपये किराया दिया गया। सोमवार शाम श्रमिक का दाह संस्कार किया गया। बताया गया है कि श्रमिक की दो बेेटियां हैं। एक पांच व एक तीन साल की है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से भी अपील की है कि गरीब की सहायता की जाए।