बेटे द्वारा घायल बाप का इलाज करते हैं उप जिला अस्पताल में तैनात डॉक्टर
- फोटो : RSPURA
बिश्नाह। गांव कोठे बुलंदे में मंगलवार की रात करीब 11 बजे एक बेटे ने अपने पिता को मार-मारकर अधमरा कर दिया। बताया जाता है कि बेटे उस समय नशे में धुत्त था। इस संबंध में बिश्नाह थाने में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी प्रवीण कुमार पुत्र देवराज मंगलवार रात नशे में धुत होकर घर आया। इस दौरान किसी बात पर गुस्से में आकर उसने पिता को पीटना शुरू कर दिया। लाठी-डंडों से उसने पिता को उस समय तक पीटा जब तक कि वह अधमरा नहीं हो गया। किसी तरह आरोपी की मां ने पति को बचाकर घायल अवस्था में उसे रात के 11:30 बजे घायल अवस्था में इलाज के लिए उप जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया। पत्नी ने बताया कि उसका बेटा पहले पंजाब में रहता था। एक साल से वह यहीं रह रहा है। इसने मारपीट कर अपनी पत्नी को भी भगा दिया है। अब हमसे भी मारपीट करता है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया। मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।