- मास्टरमाइंड अमृतसर, दो आरोपी सांबा और एक कानाचक का बताया जा रहा
- पुलिस का दावा, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जम्मू से पंजाब तक दी जा रही दबिश
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा/विजयपुर। जिले के विजयपुर में रविवार देर रात चालक से कार लूट की वारदात में कई पहलू सामने आ रहे हैं। शुरुआती मामला लूट का बताया रहा था लेकिन जांच में इसे आतंकवाद व नशा तस्करी से भी जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि अब तक पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच पाई है। मास्टरमाइंड पंजाब के अमृतसर, दो आरोपी सांबा व एक कानाचक का बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस की ओर से अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जम्मू से लेकर पंजाब तक दबिश दी जा रही है।
पुलिस ने कार भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे कानाचक सेक्टर की गुज्जर बस्ती में बरामद की है। वाहन की नंबर प्लेट उतारी गई थी। सूत्रों के अनुसार कार को सीमा के पास ले जाना और नंबर प्लेट हटाना सुनियोजित साजिश की ओर इशारा करता है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। जम्मू और सांबा पुलिस की संयुक्त जांच में नशे से जुड़े नेटवर्क की आशंका जताई जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारी लगातार माॅनिटरिंग कर रहे हैं। सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है। स्थानीय स्तर पर भी पूछताछ जारी है।
यह है मामला
रख बरोटियां थाना क्षेत्र में रविवार रात एक कार (नंबर पीबी01ई-6042) पंजाब से विजयपुर आ रही थी। विजयपुर क्षेत्र के गांव रख बरोटियां के पास चार अज्ञात लोग चालक से कार छीनकर फरार हो गए थे। आरोपियों ने पंजाब के गुरदासपुर से कार बुक की थी। विजयपुर क्षेत्र में सुनसान जगह पहुंचने पर चालक की पिटाई कर आरोपी उससे कार, पैसे और मोबाइल लूटकर फरार हो गए थे। थाना प्रभारी विजयपुर सुमित शर्मा ने बताया कि आरोपी जल्द गिरफ्त में होंगे।
-
सुरक्षा एजेंसियां इन पहलुओं पर कर रहीं जांच
- क्या कार का इस्तेमाल विस्फोटक या हथियारों की तस्करी के लिए किया जाना था?
- क्या यह किसी गैंगस्टर या नशा तस्करी गिरोह से जुड़ा मामला है?
- सीमा पार से जुड़े किसी आतंकी मॉड्यूल की साजिश हो सकती है?