- बाल सुधार गृह से भागा करणजीत सिंह उर्फ गुग्गा चार माह बाद भी गिरफ्त से बाहर
- रिंग रोड गैंगवार के आरोपियों का महीने बाद भी कोई सुराग नहीं
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जम्मू जिले में गैंगस्टर नेटवर्क पर पुलिस की कार्रवाई के दावों के बीच नतीजे सवालों के घेरे में हैं। आरएस पुरा स्थित बाल सुधार गृह से 16 फरवरी को फरार हुआ करणजीत सिंह उर्फ गुग्गा चार माह बाद भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। रिंग रोड गैंगवार का आरोपी रोहित चौधरी उर्फ गुगली और उसके गुर्गे एक महीने से फरार हैं। पुलिस बड़े गैंगस्टरों तक पहुंचने में सफल नहीं हो पा रही है। गुग्गा ने दो पाकिस्तानी कैदियों के साथ बाल सुधार गृह की सुरक्षा में सेंध लगाई थी। तीनों की आयु 18 वर्ष से ज्यादा होने के बावजूद उन्हें बाल सुधार गृह में रखा था। तीनों हरियाणा पहुंच थे। वहां एसटीएफ की मदद से दो पाकिस्तानी कैदियों को पकड़ लिया लेकिन गुग्गा फरार हो गया था।
उसके फरार होने के बाद पुलिस ने छापेमारी व तलाश के दावे किए लेकिन कामयाबी नहीं मिली। गुग्गा खौप गैंग का सदस्य और हिस्ट्रीशीटर है। पुलिस के पास यह भी स्पष्ट जानकारी नहीं है कि वह पंजाब, देश के किसी अन्य हिस्से या फिर विदेश भाग गया है।
इसी तरह गुगली और उसके साथियों की तलाश भी एक महीने से जारी है लेकिन पुलिस के हाथ खाली हैं। जम्मू में पिछले कुछ महीनों के दौरान गैंगवार, फायरिंग और संगठित अपराध मामले लगातार सामने आए हैं। हर घटना के बाद पुलिस जांच तेज करने के साथ विशेष टीमें गठित करती है लेकिन मुख्य आरोपी लंबे समय तक फरार रहते हैं। इससे पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं।