फर्जी जॉब ऑफर देकर युवक के परिवार से ऐंठे थे 2.30 लाख रुपये
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। ऑस्ट्रेलिया भेजने का झांसा देकर युवाओं को ठगने के आरोप में जानीपुर निवासी भाई-बहन के खिलाफ क्राइम ब्रांच की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने 13 एफसी जम्मू की अदालत में चार्जशीट दाखिल की है। आरोपी पूनम शर्मा और आकाश शर्मा फ्यूचरिस्टिक एजुकेशन कंसल्टेंसी चलाते थे और विदेश में नौकरी व वर्क वीजा दिलाने के नाम पर लोगों को ठगते थे।
इस मामले में डिग्याना निवासी जसपाल सिंह की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई थी। उन्होंने ईओडब्ल्यू को बताया कि बेटे को ऑस्ट्रेलिया में नौकरी दिलाने और वर्क वीजा लगवाने के लिए पूनम शर्मा को 2.30 लाख रुपये चेक दिया था।रकम लेने के बाद पूनम ने ऑस्ट्रेलिया की कंपनी ड्रिलफिट एनर्जी क्वींसलैंड के नाम से एक फर्जी जॉब ऑफर लेटर भी दिखाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए ईओडब्ल्यू ने जांच डीएसपी विशाल शर्मा को साैंपी। जांच में फ्यूचरिस्टिक एजुकेशन कंसल्टेंसी के दस्तावेज की पड़ताल की। उप श्रम आयुक्त जम्मू से मिले रिकॉर्ड से पता चला कि कंसल्टेंसी का पंजीकरण 31 मार्च 2015 तक ही था। इसके बाद इसके संचालन के लिए वैध अनुमति या नवीनीकरण नहीं कराया। जांच में सामने आया कि आकाश कंसल्टेंसी का संचालक था। पूनम एजेंट का काम करती थी। दोनों विदेश जाने के इच्छुक युवाओं को नौकरी और वीजा दिलाने का भरोसा दिलाते और रकम हड़पते थे। जांच में दोनों के पहले भी इसी तरह की गतिविधियों में शामिल होने की बात सामने आई है।