- प्रवेशद्वार तैयार करने के साथ कारीगरों ने फूलों से सजावट का काम आरंभ किया
- शाम को हुई बारिश के बाद मौसम हुआ सुहावना, बढ़ने लगी श्रद्धालुओं की संख्या
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। नवरात्र को लेकर धर्मनगरी कटड़ा में साज-सज्जा का कार्य शुरू हो गया है। आधार शिविर कटड़ा में सुंदर प्रवेश द्वार तैयार किए जा रहे हैं। दूसरों राज्यों से माता वैष्णो देवी का भवन सजाने के लिए पहुंचे कारीगरों ने फूलों से सजावट का काम आरंभ कर दिया है। वीरवार शाम को हुई बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया। नवरात्र से पहले तीर्थयात्रा करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने लगी है।
प्रथम नवरात्र पर मां के भवन में नतमस्तक होने के लिए श्रद्धालुओं में उत्साह व्याप्त है। जम्मू से लगभग 20 हजार श्रद्धालुओं का जत्था छड़ी यात्रा के साथ 10 अक्तूबर को कटड़ा के लिए रवाना होगा। शिवसेना डोगरा फ्रंट के जम्मू-कश्मीर के अध्यक्ष अशोक गुप्ता ने बताया कि इस वर्ष छड़ी यात्रा 44वें वर्ष में प्रवेश कर रही है। उन्होंने श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की ओर से नवरात्र को लेकर किए गए प्रबंधों पर संतुष्टि जताई। उन्होंने बताया कि फ्रंट की ओर से पहली छड़ी यात्रा 1983 में निकाली गई थी। उन्होंने सीईओ सचिन कुमार वैश्य की ओर से किए जा रहे कार्याें की सराहना की। गुप्ता ने बताया कि मां वैष्णो के दरबार तक जाने वाली छड़ी यात्रा में कठुआ, हीरानगर, सांबा, विजयपुर, बाड़ी ब्राह्मणा, पुरमंडल, बटोत, कुद, उधमपुर और पुंछ से करीब 15 से 20 हजार श्रद्धालु भाग लेंगे। लगभग 250 बसों और मेटाडोर का इंतजाम किया गया है। ब्राह्मण सभा के पास सभी यात्री एकत्रित होंगे। शाम लगभग 4:30 बजे कटड़ा के लिए छड़ी यात्रा रवाना होगी। प्रथम नवरात्र पर ब्रह्म मुहूर्त में माता वैष्णो देवी की प्राचीन गुफा में जोत प्रचंड की जाएगी। इसके बाद यहां से जोत लाकर रानी पार्क जम्मू स्थित मंदिर में प्रज्ज्वलित की जाएगी।