जम्मू। कार ठीक कराने ट्रांसपोर्ट नगर आए एक युवक से मारपीट की गई। कार में तोड़फोड़ कर हजारों रुपये की नकदी भी छीन ली। नरवाल पुलिस चौकी में इसकी शिकायत दर्ज कराई गई है। यह वारदात बुधवार सुबह 4 बजे की है।
जानकारी के अनुसार रियासी का रहने वाला रोशन लाल अपनी कार ठीक कराने ट्रांसपोर्ट नगर के यार्ड नंबर 7 में पहुंचा था। सुबह 4 बजे के करीब अभी वह अपनी कार में बैठा था कि एक युवक आया। उसने खुद को पुलिसकर्मी बताया और कार की चाबी निकाल ली और मारपीट शुरू कर दी। साथ ही 11 हजार रुपये की नकदी भी छीन ली। इसके पहले कि युवक किसी को मदद के लिए बुलाता आरोपी मौके से पैसे लेकर फरार हो गया। जाते वक्त कार की चाबी भी ले गया। पीड़ित ने इसकी सूचना पास की पुलिस चौकी में दी। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।