जम्मू। मंगलवार और बुधवार की मध्य रात्रि में शहर के बाग-ए-बाहु इलाके में खजूरिया मंदिर के साथ एक घर में आग लग गई। इसमें जानी नुकसान तो नहीं हुआ, लेकिन टीवी, फ्रिज, कूलर व घर में रखी नकदी जलकर राख हो गई। घटना के समय परिवार के सदस्य घर की छत्त पर सोए थे। रात करीब ढाई बजे जब घर के अंदर से धुंआ निकलता देखा, तब पता चला कि आग लगी है, लेकिन तब तक घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो चुका था।
मकान मालिक जोगिंद्र ने कहा कि परिवार में तीन सदस्य हैं। रात में खाना खाने के बाद सभी घर की छत्त पर सोने चले गए। रात ढाई बजे पत्नी की नींद खुली तो देखा कि कमरे से धुंआ निकल रहा है। इसके बाद नीचे आकर देखा, तो पूरे कमरे में आग लगी हुई थी। इस पर पड़ोसियों को आवाज लगाई और और सभी आग बुझाने में जुट गए। करीब एक से डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक सारा सामान जल गया था। उन्होंने कहा कि आग लगने के दो कारण हो सकते हैं। एक शॉर्ट या फिर कमरे में एक स्थान पर ज्योत जलाई थी, उससे आग फैल गई हो। उन्होंने कहा कि कुछ समय पहले ही बेटी की शादी की थी। कुछ लोगों से पैसा उधार लिया था। उस उधार को चुकाने के लिए कुछ पैसा रखा था, वह भी जल गया। मकान में दो कमरे, रसोई और शौचालय हैं। इसमें सिर्फ शौचालय ही आग से बचा है।