14-15 अज्ञात लोगों के समूह ने वारदात को अंजाम दिया
नार्दनी इलाके में सड़क को अवरुद्ध किया, ट्रैक्टर पर सवार होकर आए थे हमलावर
दोमाना। जम्मू वन रेंज में खैर की लकड़ी से भरी महिंद्रा पिकअप पकड़ने पहुंची वन विभाग की टीम पर लकड़ी माफिया ने हमला कर दिया। हमलावर पकड़ी गई गाड़ी को छीनकर साथ ले गए। इस मामले में ब्लॉक मनावर वन अधिकारी विक्रम सिंह चाढ़क की तहरीर पर घरोटा पुलिस थाना में जीरो एफआईआर दर्ज की गई, जिसके बाद दोमाना पुलिस थाना में केस दर्ज किया गया है।
वन अधिकारी विक्रम सिंह चाढ़क ने 14-15 अज्ञात के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। इसमें बताया गया कि मथवार कोटली में रविवार की रात को घरोटा पुलिस ने खैर की लकड़ी से लदी एक गाड़ी को जब्त किया था। सोमवार को उसे घरोटा पुलिस द्वारा वन विभाग को सौंप दिया गया। गाड़ी को सोमवार की देर रात वन अधिकारी विपन जंबाल, राजेश्वर सिंह और तरुण मेहरा लेकर जा रहे थे। इस दौरान एक ट्रैक्टर के साथ 14-15 व्यक्तियों के एक समूह ने माइट काॅलेज के समीप नाॅर्दनी में सड़क को अवरुद्ध करके वन विभाग की टीम पर हमला कर दिया। इसके बाद अवैध खैर की लकड़ी और वाहन को जबरन छीन लिया। इस हमले से वन विभाग के कर्मचारियों को मामूली चोटें आई। दोमाना पुलिस थाना प्रभारी वरुणेश्वर सिंह ने रिपोर्ट दर्ज होने की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस इस मामले में कार्रवाई कर रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।