पुंछ। मेंढर की मनकोट तहसील में भारत-पाकिस्तान नियंत्रण रेखा पर भारतीय क्षेत्र में घुसपैठ करते दो दिन पहले दबोचे गए पाकिस्तानी नागरिक को वीरवार देर शाम को सेना ने जिला प्रशासन के सहयोग से चक्कां दा बाग की राह-ए-मिलन से पाकिस्तानी सेना और पीओजेके प्रशासन के अधिकारियों के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार दो दिन पहले मनकोट सेक्टर के अग्रिम क्षेत्र गोगा चोकी के पास पाकिस्तान अधिकृत क्षेत्र से भारतीय क्षेत्र में आए पाकिस्तानी नागरिक मुनीर हुसैन(72) निवासी बटल पीओजेके को सेना ने दबोचा था। पूछताछ के बाद उसे उसके वतन भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई। इस दौरान पाकिस्तान की तरफ से अपने नागरिक को वापस लेने पर सहमति जताने के बाद वीरवार पांच बजे चक्कां दा बाग की राहें मिलन के गेट खोले गए। सेना की तरफ से सरला बटालियन के मेजर अभय की अगुवाई में सैन्य अधिकारी, मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार निसार हुसैन टाक और डॉ हरप्रीत सिंह उक्त पाकिस्तानी नगारिक को लेकर वहां पहुंचे। उधर, पाकिस्तानी सेना की 20 पीओके रेजिमेंट के मेजर सलीम की अगुवाई में पाक सेना के अधिकारी और मजिस्ट्रेट तहसीलदार हजीरा मोहम्मद सोहेल पहुंचे थे। इस दौरान मुनीर हुसैन को उपहार, मिठाइयां एवं कुरान शरीफ देकर पाकिस्तानी अधिकारियों के हवाले कर दिया गया।