जम्मू में नेशनल हाईवे के पास हथियारों के साथ गिरफ्तार जैश-ए-मोहम्मद के तीनों आतंकियों को सोमवार एक बार फिर से पुलिस ने कोर्ट में पेश किया जहां इन्हें और सात दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया। इससे पहले इन आतंकियों को छह दिन की रिमांड पर भेजा गया था जो सोमवार को खत्म हो गई।
इसके साथ ही पुलिस ने जैश आतंकी मोहम्मद यासीन और फारूक अहमद के मोबाइल फोन को जांच के लिए चंडीगढ़ की एफ एसएल लैब में भेज दिया है। पुलिस ने एफ एसएल से इनके मोबाइल फोन से सोशल मीडिया पर हुई बातचीत का डेटा मांगा है। इन दोनों ने अपने मोबाइल फोन से पाकिस्तान में बैठे जैश के हैंडलर शाहबाद से बातचीत की थी।
उसी के आदेश पर यह लोग जम्मू से हथियार लेकर कश्मीर जा रहे थे। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हथियार किसने छिपाए थे। इन लोगों को कश्मीर में हथियार लेकर कहां जाना था और किसे डिलेवरी देनी थी।