जम्मू। बावे वाली माता मंदिर के साथ लगते मोहल्ले में एक मकान की दूसरी मंजिल पर रंगरोगन के दौरान बिजली के तार के संपर्क में आने से एक कामगार नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। हादसा शनिवार सुबह ग्यारह बजे के करीब हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज करने के साथ शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार सीमू लास्ट मोड़ बावे वाली माता मंदिर के साथ लगते मोहल्ले में किराये के मकान में रहता था। उसके दो बच्चे हैं। उसने एक घर में रंगरोगन का ठेका लिया था। शनिवार को सुबह के समय वह रंगरोगन कर रहा था कि अचानक लेंटर के पास से गुजर रहे बिजली के तार के संपर्क में आ गया। इससे वह दूसरी मंजिल से गिर गया।
स्थानीय लोगों ने उसे उठाने का प्रयास किया, लेकिन वह असफल रहे। इसके बाद पुलिस को सूचित किया। पुलिसकर्मियों ने उसे जीएमसी पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। स्थानीय लोगों ने उसके परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। बाहु फोर्ट की पार्षद शारदा देवी ने कहा कि सरकार उचित मुआवजा प्रभावित को दे। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है।