जम्मू। पुलिस थाना नवाबाद के अंतर्गत भगवती नगर में जमीन विवाद में भतीजे ने अपने चाचा को मौत के घाट उतार दिया है। पुलिस चौकी नहर में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार मंगलवार देर रात जमीन को लेकर चाचा और भतीजे में मारपीट हुई। पहले दोनों में हाथापाई होती रही। बाद में भतीजे ने तेजधार हथियार से वार किए। इससे चाचा गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गया। परिवार के अन्य सदस्यों ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, यहां डॉक्टरों ने चाचा को मृत घोषित कर दिया। शव का पोस्टमार्टम करने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। मृतक की पहचान जगदीश सिंह निवासी भगवती नगर और आरोपी भतीजा गुलशन है, जिसे पुलिस ने हिरासत में लिया है। जानकारी के अनुसार दोनों परिवारों के बीच पहले भी जमीन को लेकर कई बार झगड़ा के साथ मारपीट होती रही है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है, आरोपी से पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि चाचा खेताबाड़ी का काम करता था और भतीजा बेरोजगार है।