बाड़ी ब्राह्मणा। पुलिस ने बाड़ी ब्राह्मणा से अपहृत हुई नाबालिग लड़की को लखनपुर से बरामद कर लिया है। पुलिस ने उसकी चिकित्सकीय जांच कराने के बाद कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार बुधवार को एक व्यक्ति ने अपनी 13 साल की बेटी के अपहरण का मामला दर्ज कराया। शिकायत में बताया गया कि वह दवाइयां खरीद कर वापस आ रही थी तो रास्ते में काका निवासी ऊना, हिमाचल प्रदेश और शाहदीन निवासी लेन नंबर-4 नजदीकी बलोल खड्ड लड़की को अपनी ओर खींच रहे थे। उनके साथ तीन और लोग मौजूद थे। जो सफेद रंग की कार में मौजूद थे। एक बुलेट मोटरसाइकिल भी मौके पर मौजूद थी। उन लोगों ने बच्ची को कार में बिठाया और विजयपुर की ओर फरार हो गए। लड़की के पिता ने आरोपियों के बारे में बताया है। उनके फोन नंबर भी दिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी थी। पुलिस को जानकारी मिली कि वह लखनपुर इलाके में देखी गई है। इसके बाद पुलिस की टीम रवाना हो गई और लड़की को बरामद कर लिया। पुलिस अब आगे की कार्रवाई में लगी है। इस मामले में अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।