पीएचई के कर्मचारी चोट दिखाते हुए।
अखनूर / ज्यौड़ियां। खौड़ के गुलाबा पीएचई स्टेशन पर तैनात एक कर्मचारी की दो सगे भाइयों के मारपीट करने का मामला प्रकाश में आया है। कर्मचारी ड्यूटी पर तैनात था।
जानकारी के मुताबिक गुलाबा पीएचई स्टेशन पर तैनात कर्मचारी रतन लाल निवासी गुलाबा छपड़ शनिवार को ड्यूटी पर था। आरोप है कि इस गांव के दो सगे भाई कुलदीप राज तथा अश्वनी कुमार पुत्र शाम लाल निवासी गुलाबा छपड़ पीएचई स्टेशन पर पहुंचे और कर्मचारी पर पानी छोड़ने का दबाव बनाने लगे। जब कर्मचारी ने उन्हें कहा कि आपके मोहल्ले में पानी की आपूर्ति छोड़ने का समय सुबह है तो दोनों ने कर्मचारी से मारपीट शुरू कर दी। कर्मचारी रतन लाल ने इस वारदात की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी। विभाग की तरफ से दोनों भाइयों के खिलाफ चौकी चौरा पुलिस चौकी में शिकायत दी गई। पुलिस की तरफ से मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उधर कर्मचारी का इलाज अखनूर उपजिला अस्पताल में चल रहा है।