ज्यौड़ियां। खौड़ निवासी एक 49 साल के मरीज की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक उसे एक मेडिकल स्टोर में इंजेक्शन लगाया गया। जिससे उसकी मौत हो गई। इस मामले को लेकर लोगों में काफी रोष व्याप्त है।
जानकारी के मुताबिक राज कुमार पुत्र ज्ञान चंद (49) को टांग में दर्द था। वह चेकअप कराने के लिए खौड़ स्थित एक मेडिकल स्टोर पर गया दुकान मालिक ने उसको दो इंजेक्शन लगा दिए इंजेक्शन लगवाने के बाद मरीज वापस आ गया। घर पहुंच कर उसकी हालत खराब हो गई उसके बाद परिजन उसे लेकर खौड़ उपजिला अस्पताल पहुंचे। परिजनों के मुताबिक वहां दो घंटे तक डॉक्टरों के पीछे भागते रहे, लेकिन किसी ने भी मरीज को हाथ तक नहीं लगाया। कोई चेकअप नहीं किया और मरीज की हालत ज्यादा बिगड़ने पर परिजन ज्यौड़ियां सीएचसी में मरीज को लेकर पहुंचे, वहां तैनात डॉक्टरों ने मरीज की हालत ज्यादा खराब होती देख उसे अखनूर उपजिला अस्पताल ले जाने को कहा। अखनूर में मरीज की इलाज के दौरान मौत हो गई। मेडिकल स्टोर में इंजेक्शन लगाने और खौड़ उपजिला अस्पताल में मरीज का चेकअप नहीं करने को लेकर क्षेत्र के लोगों में रोष व्याप्त है।