जम्मू। ऑनलाइन शॉपिंग के जरिये 82 इंच की एलईडी खरीदकर देने के सांझे में आकर व्यक्ति ने 44 हजार रुपये गंवा दिए। इस ठगी के मामले में क्राइम ब्रांच ने मिजोरम त्रिपुरा के दो शातिरों पर केस दर्ज किया है। दोनों ने उधमपुर के रहने वाले व्यक्ति को 82 ईंच की एलईडी देने के नाम पर ठगी की। आरोपियों में चंद्र कुमार और रोहिमगलई शामिल हैं।
उधमपुर के संदीप गुप्ता ने क्राइम ब्रांच में शिकायत दी कि उन्होंने अली बाबा बेवसाइट से खरीदारी की योजना बनाई। इसमें 70 इंच की एलईडी को बुक किया। उन्हें एक मैसेज आया कि वह एक व्हाट्सएप नंबर पर संपर्क करें। उक्त नंबर पर संपर्क किया तो व्यक्ति ने कहा कि वह 23900 रुपये में 82 इंच की एलईडी देगा। पीड़ित ने यह पैसा आरोपी के बताए बैंक खाते में जमा करवा दिया। इसके बाद आरोपियों ने उसे कहा कि कस्टम चार्ज के लिए उसे 20 हजार और देनें होंगे। यदि ऐसा नहीं किया तो उनका पहला पैसा भी जाएगा। जब पीड़ित ने 20 हजार की रकम और जमा करवाई तो आरोपियों ने उसे कहा कि भारतीय कर के हिसाब से 48 हजार रुपये और देने होंगे। तब पीड़ित को धोखाधड़ी का शक हुआ। क्राइम ब्रांच ने मामले की जांच करने के बाद दो आरोपियों पर केस दर्ज किया है। अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
-------
ऑनलाइन ठगी से रहें सावधान
ऑनलाइन शॉपिंग और लेनदेन बढ़ने के साथ-साथ ठगी के मामले भी बढ़ते जा रहे हैं। शातिर नए-नए तरिके अपनाकर लोगों को जाल में फंसा रहे हैं। पुलिस लोगों को ठगी से बचाने के लिए जागरूकता अभियान चलाती है, लेकिन ठग फिर से ठगी का कोई नया तरीका इजाद कर लेते हैं। इसलिए ऑनलाइन शॉपिंग या ट्रांजेक्शन करते समय विशेष सावधानी बरतनी चाहिए।