श्रीनगर। उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में भाजपा नेता अब्दुल रशीद जरगर के घर से हथियार लेकर फरार निजी सुरक्षा अधिकारी (पीएसओ) साकिब अहमद तांत्रे व उसके सहयोगी आरिफ अहमद का मंगलवार को दूसरे दिन भी सुराग नहीं लगा। दोनों का पता लगाने के लिए पुलिस ने कई स्थानों पर दबिश दी। इस बीच पुलिस तथा सेना के अधिकारी ने दोनों के घर जाकर परिवार वालों से घर लौटने की अपील करने को कहा।
अधिकारियों ने परिवार वालों से कहा कि वे अपने बच्चों से जल्द लौटने व कोई भी गलत कदम न उठाने की अपील करें। कहा कि यदि वह कोई गलत कदम उठाता है तो न केवल उसके लिए बल्कि परिवार वालों के लिए भी नुकसानदायक होगा। बच्चों के कदम से दुखी मां व बहनों की आंखों में आंसू थे। उन्होंने देशविरोधी ताकतों की ओर से दोनों पुलिसकर्मियों को गुमराह किए जाने की निंदा की। उनके पिता व भाई अब तक सम्मानजनक जिंदगी जी रहे थे, लेकिन बच्चों के इस कृत्य ने उन्हें शर्मिंदगी झेलने को मजबूर कर दिया। परिवारवालों ने अपील की कि कोई भी युवा दिग्भ्रमित न हो। परिवार वालों ने भरोसा दिलाया कि वे उन्हें लौटाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे। अधिकारियों ने उन्हें आश्वस्त किया कि उनके लौटने पर उन्हें किसी प्रकार का नुकसान नहीं पहुंचाया जाएगा।
ज्ञात हो कि भाजपा नेता जरगर लोलाब के रहने वाले हैं। उन्हें सुरक्षा प्रदान करने के साथ ही सालकूट इलाके में पीडब्ल्यूडी भवन में रिहाइश दी गई है। पुलिस के अनुसार मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी गई है।