जम्मू। कोट भलवाल स्थित सेंट्रल जेल से सोमवार को बिना सिम के तीन पुराने मोबाइल फोन मिले हैं। इन फोन को साइबर पुलिस के पास भेजा गया है, ताकि डिलीट डैटा के बारे में जानकारी मिल सके।
जानकारी के अनुसार सोमवार को जेल प्रशासन की टीम रूटीन चेकिंग कर रही थी। इस दौराना जेल के एक कोने के पास लिफाफे में तीन मोबाइल फोन मिले हैं। इन्हें जेल अधिकारियों के पास ले जाया गया। जांच करने पर पता चला कि इनमें कोई सिम कार्ड नहीं था और यह फोन काफी पुराने हैं। जेल विभाग ने इसकी जानकारी घरोटा पुलिस थाने में दी। पुलिस ने इन मोबाइल फोन को कब्जे में लेकर साइबर पुलिस के पास भेज दिया है, ताकि इनकी जांच की जा सके।
सनद रहे कि इससे पहले भी जेल में एक दर्जन मोबाइल फोन तीन सिमकार्ड के साथ मिले थे। जेल में कई खूंखार आतंकी और कुख्यात अपराधी जेल काट रहे हैं। कई बार जेल में बैठे गैंगस्टर अपराध की साजिश रच चुके हैं। ऐसे में बार-बार जेल में मोबाइल फोन मिलना सुरक्षा में बड़ी चूक है। पुलिस का कहना है कि मोबाइल फोन सामान्य फोन हैं और यह जंग खा चुके थे। फिर भी इनको जांच के लिए साइबर पुलिस के पास भेजा गया है।