दोमाना। भूमि विवाद में सोमवार को ट्रैक्टर से दादी को कुचलने के आरोपी दोनों पोते अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। सोमवार को पुलिस ने जगह-जगह दबिश दी, लेकिन उनको गिरफ्तार करने में कोई सफलता नहीं मिली है। वहीं, जीएमसी में पोस्टमार्टम के बाद शव को परिवार के हवाले कर दिया गया और शाम के समय अंतिम संस्कार कर दिया है।
जानकारी के अनुसार सोमवार को कानाचक क्षेत्र के अंतर्गत सहारन पंचायत के सांगे चक में भूमि विवाद के चलते पोतों ने दादी को ट्रैक्टर से कुचल दिया था और मौके से फरार हो गए थे। वहीं, परिजनों ने घायल को मढ़ अस्पताल पहुंचाया था, जहां पर हालत गंभीर होने पर जीएमसी जम्मू रेफर किया गया था। वहां पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था। सोमवार को पुलिस ने आरोपियों के पिता और पत्नियों को थाने बुला कर पूछताछ की। लेकिन अभी तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। वहीं, बुजुर्ग महिला का शाम को अंतिम संस्कार कर दिया गया।