जम्मू। सारी कलां (डंसाल) निवासी उत्तर सिंह (37) की हत्या के आरोपी उत्तरवाहिनी (निवासी) चमन लाल ने जुर्म कबूल लिया है। उसे शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया जहां से उसे छह दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। वहीं, उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई राड को भी पुलिस ने बरामद कर फॉरेंसिक लैब भेज दिया है। आरोपी ने बताया कि वह उधार के पैसे नहीं लौटा रहा था। इससे उसके घर का काम रुक गया था और आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। पैसे लौटाने में आनाकानी करने पर मारपीट की और मौत के घाट उतार दिया।
बुधवार को पुलिस पोस्ट मनवाल के अंतर्गत सारी कलां निवासी 37 वर्षीय उत्तर सिंह का शव संदिग्ध परिस्थितियों में खून से सना गांव से ही बरामद हुआ था। पुलिस ने धारा 174 का मामला दर्ज किया था, लेकिन पोस्टमार्टम की रिपोर्ट में सिर पर तेजधार हथियार के कई वार करने की बात सामने आई थी। इसके बाद पुलिस ने इसे हत्या मामले में तबदील कर 302 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी थी। साथ ही परिजनों और रिश्तेदारों के बयान के बाद आरोपी को वीरवार शाम को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद आरोपी ने जुर्म कबूल कर लिया था। साथ उसकी निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल राड को भी बरामद कर लिया है।
शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया जहां से उसे छह दिन के रिमांड पर भेज दिया है। सांबा के उत्तरवाहिनी निवासी आरोपी चमन लाल ने पूछताछ में बताया उससे पैसे उधार लिए थे। अब उसने घर का काम करवाना था, लेकिन वह आनाकानी कर रहा था। आर्थिक परेशानी के बीच गुस्से में वारदात को अंजाम दिया है। कबूल किया कि जिस राड से उसे मारा है उसे उसने छिपा दिया है। बाद में पुलिस ने उसे बरामद कर लिया।