जम्मू। दोमाना पुलिस ने चंदन बिहार मुट्ठी में 10 माह पहले सील की गई लिफाफे बनाने वाली फैक्टरी से 83 किलोग्राम पॉलिथीन जब्त किया है। पुख्ता सूचना के आधार पर नायब तहसीलदार मुट्ठी इनायत अली के नेतृत्व में शनिवार देर रात टीम ने फैक्टरी में दबिश देकर संचालक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान अशोक माला निवासी चंदन बिहार मुट्ठी के रूप में हुई। आरोपी इस फैक्टरी को 15 साल से घर में ही चला रहा था। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने दस माह पहले इस फैक्टरी को सील किया था और पुलिस ने आरोपी पर केस दर्ज किया था। आरोपी उस वक्त फरार हो गया, जिसने बाद में कोर्ट से जमानत करवा ली। अब कुछ दिन से फैक्टरी को दोबारा चालू कर दिया था। इसमें रोजाना एक क्विंटल पॉलिथीन के थैले बनाए जा रहे थे।
कार्रवाई करने वाली टीम में एसएचओ चंचल सिंह और एसडीपीओ दोमाना कौशीन कौल, एसपी रूरल संजय शर्मा भी मौजूद रहे। फैक्टरी में जब पुलिस टीम अधिकारियों के साथ पहुंची तो संचालक भागने लगा, लेकिन उसे दबोच लिया गया। पूछताछ के दौरान सही जवाब न देने पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। इस दौरान भारी मात्रा में पॉलिथीन बरामद किया गया।
-------------
स्थानीय स्तर पर की जा रही थी सप्लाई
इस अवैध फैक्टरी में पॉलिथीन के थैले बनाकर आसपास के इलाकों में सप्लाई किए जा रहे थे। प्रदेश में पॉलिथीन बैग पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध है। बाजारों में दुकानों और रेहड़ी-फड़ी पर आम तौर पर सामान पॉलिथीन में ही दिया जाता है। हालांकि पॉलिथीन का इस्तेमाल रोकने के लिए नगर निगम अपने स्तर पर भी शहर में अभियान चला रहा है। इसके बावजूद इस पर रोक नहीं लग पा रही है।
----------------
फैक्टरी पिछले 15 साल से अवैध रूप से चलाई जा रही थी। दस माह पहले भी इसे सील कर एफआईआर दर्ज की गई थी, लेकिन पिछले कुछ दिनों से इसे दोबारा शुरू कर दिया गया था। इसमें रोजाना एक क्विंटल लिफाफे तैयार किए जा रहे थे। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया, उससे पूछताछ जारी है। ये करवाई एसएसपी श्रीधर पाटिल के निर्देश पर की गई है।
- कौशीन कौल, एसडीपीओ, दोमाना