जम्मू। सगूर के जंगल में मंगलवार को मिले अधजले शव की पहचान हो गई है। मृतक पुरुषोत्तम उधमपुर का रहने वाला था और शिक्षा विभाग में सीनियर सहायक के पद पर तैनात थे।
मृतक पुरुषोत्तम के साले ने बताया कि वह 31 अगस्त से लापता थे। पिछले 15 दिनों से काफी परेशान थे। अकसर अपने परिवार में बात करते थे कि वह शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली से परेशान हैं और जल्द ही नौकरी छोड़ देंगे। यहां तक कहते थे कि रेहड़ी लगाकर अपना गुजारा कर लेंगे, लेकिन शिक्षा विभाग की नौकरी नहीं करेंगे। मंगलवार को उनका शव जंगल में मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी हत्या की गई है, जिसकी जांच होनी चाहिए।
पुंछ से लापता व्यक्ति पुलिस की हिरासत में
जम्मू। शहर के गाडीगढ़ क्षेत्र से लापता व्यक्ति का जम्मू पुलिस की हिरासत में होने का पता चला है। पुंछ के रहने वाले जोगिंदर पाल गाडीगढ़ क्षेत्र में अपने रिश्तेदार के घर आए हुए थे। पता चला है कि जोगिंदर ने बख्शी नगर में अपने वाहन से किसी को टक्कर मारकर घायल कर दिया। इस सिलसिले में पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
एटीएम को तोड़ने का प्रयास
जम्मू। त्रिकुटा नगर पुलिस स्टेशन के अंतर्गत मार्बल मार्केट में एसबीआई के एटीएम में तोड़फोड़ का प्रयास किया गया। बैंक प्रबंधन की ओर से पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।