जम्मू। एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने ग्रामीण बैंक शाखा बफलियाज (पुंछ) के पूर्व प्रबंधक सत्यपाल शर्मा और लाभार्थी वजाहत अली खान के खिलाफ चालान पेश किया है। आरोप है कि फर्जी दस्तावेज के आधार पर 2009 में 16 लाख रुपये का लोन मंजूर किया गया। आरोपी बैंक अधिकारी इस समय राजोरी जिले की ग्रामीण बैंक शाखा तरयाठ में सहायक प्रबंधक है। एसीबी को मिली शिकायत पर मामले की जांच की गई।
इसमें पाया गया कि आरोपी अधिकारी सत्यपाल ने अपने पद का दुरुपयोग करके कुछ लोगों को फर्जी दस्तावेज पर लोन दिया। वजाहत अली और उसकी पत्नी के नाम 75-75 हजार का लोन जारी किया गया। अल्ताफ हुसैन शाह को इन दोनों का ग्रारंटर बनाकर फर्जी शिक्षक बताया गया और बाद में अल्ताफ के लिए भी दो लाख का लोन मंजूर किया, जबकि वह एक मजदूर था। इसी तरह से कुछ और लोगों के नाम पर भी लोन जारी किया गया। अब मामले में आगे की जांच कोर्ट में होगी।