मृत व्यक्ति के नाम पर पिछले 25 साल से सरकारी राशन लेने वाला व्यक्ति आखिरकार पकड़ा गया। क्राइम ब्रांच ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है।
असिस्टेंट कमिश्नर (रिलीफ) जम्मू ने क्राइम ब्रांच को शिकायत की कि बख्शी नगर जोन सी में पंजीकृत भारत भूषण नामक व्यक्ति का अपने परिवार के चार सदस्यों सहित रिलीफ कार्ड है और वह उससे राशन और अन्य राहत प्राप्त करता है।
शिकायत में कहा गया कि भारत भूषण ने फर्जी तरीके से पूनम नामक मृत महिला के नाम पर कागजात तैयार किए और वर्ष 1990 से वह उस पर राहत सामग्री हासिल कर रहा है। इस तरह उसने अब तक सरकारी खजाने को 2,37,013 रुपये की चपत लगाई।
शिकायत के आधार पर क्राइम ब्रांच ने जांच की तो आरोपी के खिलाफ लगे तमाम आरोप सही पाए गए। प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के आधार पर क्राइम ब्रांच ने आरपीसी की धारा 420, 466, 467, 468, 471, 120-बी के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
ब्रांच के अनुसार अब तक सरकार को 2.37 लाख रुपये की चपत लगाने का पता चला है। क्राइम ब्रांच मामले की आगे जांच कर रही है, ताकि फर्जी कागजात तैयार करने में भूमिका निभाने वाले विभागीय अफसरों को भी घेरे में लिया जा सके। क्राइम ब्रांच की कार्रवाई से विभाग में भी हड़कंप मच गया है।